हरिद्वार के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में दो गंभीर दुष्कर्म मामलों की रिपोर्ट दर्ज

देशभर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर आक्रोश जारी है, लेकिन बेटियों के साथ होने वाले अपराधों में कमी देखने को नहीं मिल रही है। हाल ही में, हरिद्वार के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में दो गंभीर दुष्कर्म मामलों की रिपोर्ट दर्ज की गई है, जिनकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें बताया गया कि बीती शाम उसके पति, बेटी, और बड़ी बेटी का नवासा (लड़का) खेत में चारा लेने गया था। महिला के पति ने अपनी बेटी और नवासा को खेत में छोड़ दिया और चारा घर पर लाने चला गया। जब वह वापस आया, तो नवासा बदहवास हालत में मिला और उसकी बेटी गायब थी। कुछ समय बाद, महिला की बेटी बदहवास हालत में घर लौटी और उसने बताया कि उसके साथ चार लोगों ने दुष्कर्म किया है और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। दूसरी घटना भी पिरान कलियर थाना क्षेत्र की है। एक महिला ने पुलिस को सूचित किया कि उसके पड़ोसी युवक ने उसकी नाबालिग बेटी को शादी का झांसा देकर पिछले दो वर्षों से दुष्कर्म किया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पिरान कलियर थाने के एसएसआई आमिर खान ने जानकारी दी कि दोनों मामलों में एक अज्ञात व्यक्ति समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Ad

सम्बंधित खबरें