नैनीताल जिले के रामनगर में आधुनिक भूकंपीय वेधशाला स्थापित की जाएगी।

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) की पहल पर नैनीताल जिले के रामनगर में आधुनिक भूकंपीय वेधशाला स्थापित की जाएगी। इसके लिए तहसील परिसर में भूमि का चयन कर लिया गया है। यह वेधशाला न केवल भूकंप की तीव्रता मापेगी, बल्कि भूकंप से पहले धरती के भीतर होने वाली गतिविधियों की निगरानी भी करेगी। खतरे की स्थिति में अलर्ट सायरन बजाकर लोगों को पहले से चेतावनी दी जाएगी।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत उत्तराखंड में कुल आठ भूकंपीय वेधशालाएं बनाई जानी हैं। ये वेधशालाएं हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, चमोली, नैनीताल (रामनगर), बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और देहरादून जिलों में स्थापित की जाएंगी। सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा जा चुका है।

रामनगर के एसडीएम प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि तहसील परिसर के पिछले हिस्से में लगभग 300 वर्ग फीट की भूमि उपलब्ध है, जो वेधशाला निर्माण के लिए उपयुक्त है। इसी स्थान पर वर्षा मापक संयंत्र भी पहले से लगा हुआ है। पहले रामनगर महाविद्यालय परिसर में जमीन तलाशी गई थी, लेकिन वह उपयुक्त नहीं पाई गई।

रामनगर के अलावा रुड़की, देवप्रयाग, कर्णप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा, केदारनाथ और चकराता में भी भूकंपीय वेधशालाएं स्थापित की जाएंगी।

भूकंपीय वेधशालाओं में भूकंप की तीव्रता, समय और स्थान का अध्ययन किया जाता है। ये वेधशालाएं भूकंपीय तरंगों को पहचानकर खतरे की स्थिति में अलर्ट सायरन बजाती हैं, जिससे लोग समय रहते सतर्क हो सकें। इसके अलावा, ये वेधशालाएं पृथ्वी की आंतरिक संरचना, सक्रिय फॉल्ट लाइनों और यहां तक कि परमाणु परीक्षणों की निगरानी में भी सहायक होती हैं।

10 फरवरी 2020 को आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिक प्रो. जावेद मलिक के नेतृत्व में एक भूवैज्ञानिक टीम रामनगर के पास नंदपुर गैबुआ क्षेत्र में पहुंची थी। टीम ने ग्राउंड प्रेनेट्रेटिंग रडार (GPR), ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (GPS) और सैटेलाइट तकनीक के माध्यम से अध्ययन किया। अध्ययन में यह सामने आया कि वर्ष 1505 में इस क्षेत्र में 7 से 8 तीव्रता का भूकंप आया था। वैज्ञानिकों का मानना है कि जहां इस स्तर के भूकंप आते हैं, वहां 500 से 600 वर्षों के भीतर दोबारा भूकंप आने की संभावना रहती है। इसी आधार पर रामनगर को संवेदनशील क्षेत्र माना गया है, क्योंकि यह फॉल्ट लाइन पर स्थित है।

Ad

सम्बंधित खबरें