
देहरादून। उत्तरकाशी जिले के भैरोघाटी-धराली के बीच गंगोत्री हाईवे पर किमी 15 चांग थांग में हिमस्खलन आया है। यह धराली और हर्षिल से करीब आठ से दस किमी आगे जांगला पुल के समीप है। बीआरओ कमांडर विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर धराली से आगे किमी 15 पर हिमस्खलन हुआ है। हालांकि कोई नुकसान नहीं है। प्रदेश में आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। सोनगाड से गंगोत्री तक बर्फबारी के कारण मार्ग बाधित हैं। बीआरओ-1442 बीसीसी द्वारा वर्तमान स्थिति सोनगाड से सुक्की टॉप तक मार्ग केवल नॉन स्किड चेन वाले वाहनों के लिए सुचारू किया गया है। वर्तमान में बर्फबारी जारी है। सुखी टॉप पर एक जेई बर्फ हटाने के काम की निगरानी कर रहे हैं। दो जेसीबी बेट सोनगाद से सुखी टॉप तक काम कर रहे हैं। किसी भी तरह के हिमस्खलन से निपटने के लिए डबरानी में एक एक्स 205 इक्वेटर भेजा गया है। इसके अलावा जनपद के दस ग्रामीण मोटर मार्ग बाधित हैं। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री-यमुनोत्री हर्षिल में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं निचले इलाकों में बारिश जारी है। हर्षिल घाटी में भी बर्फबारी के साथ तेज बर्फीली हवाएं चल रही हैं। बारिश बर्फबारी के चलते यमुनोत्री हाईवे पर फिलहाल आवाजाही सुचारू रूप से हो रही है। उधर चमोली कर्णप्रयाग में फिर मौसम बदला है। सोमवार रात्रि यहां तेज बारिश हो रही। जबकि मंगलवार सुबह से काले बादल हुए हैं। दूसरी तरफ मसूरी शहर में कल देर रात से हो रही बारिश अब जाकर थमी। बारिश के बाद शहर में शीतलहर का प्रकोप बढा है। घने बादल और कोहरा छाया हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में तेज गर्जन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों की बात करें तो पांच मार्च से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने रहेगा। चटक धूप खिलने से तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा।
