
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत की। सुबह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से पिथौरागढ़ के सीमांत गांवों की ओर रवाना हो गए।
जेपी नड्डा इस दौरे में पिथौरागढ़ जिले के गुंजी और ज्योलिंगकोंग क्षेत्र में वाइब्रेंट विलेज स्कीम के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि यह दौरा सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह क्षेत्र भारत-चीन सीमा के निकट स्थित है।
मुख्यमंत्री धामी ने एयरपोर्ट पर नड्डा को ‘हाउस ऑफ हिमालयाज़’ नामक स्थानीय उत्पादों का एक संग्रह भेंट किया। इसके साथ ही उन्होंने उन्हें स्थानीय युवाओं और महिला समूहों द्वारा स्वरोज़गार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नड्डा गुंजी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे और महिला फेडरेशन द्वारा संचालित होम स्टे प्रोजेक्ट का भी जायजा लेंगे। इसके अतिरिक्त वे ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश के दर्शन करेंगे। नड्डा 18 मई की रात गुंजी में रात्रि विश्राम करेंगे और अगले दिन देहरादून होते हुए दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नड्डा के दौरे को उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रत्यक्ष दौरा इन क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान करेगा।
