भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाक़ात

देहरादून में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री और चाहर के बीच संगठन और किसान कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने इस मुलाकात के बारे में अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर जानकारी दी और लिखा, “शासकीय आवास पर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, लोकसभा सांसद एवं उत्तराखण्ड संगठन पर्व के केंद्रीय पर्यवेक्षक @Rajkumarchahar9 से भेंट हुई। इस दौरान उनसे संगठन और किसान कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।” यह मुलाकात खास मानी जा रही है क्योंकि एक दिन पहले ही उत्तराखंड सरकार ने कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए थे। कैबिनेट में गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने का प्रस्ताव पास किया गया। उत्तराखंड सरकार ने अगेती गन्ने की फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 375 रुपये प्रति कुंतल और सामान्य गन्ने के लिए 365 रुपये प्रति कुंतल तय किया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री धामी की सरकार ने विधानसभा में भू कानून भी पास किया है, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ने वाला है। नए भू कानून के अनुसार, आवासीय उपयोग के लिए 250 वर्ग मीटर भूमि खरीदने के लिए शपथ पत्र देना जरूरी होगा। अगर राज्य से बाहर के लोग उत्तराखंड में भूमि खरीदना चाहते हैं, तो उन्हें एफिडेविट देना होगा और मकसद स्पष्ट करना होगा। साथ ही, उत्तराखंड के 11 जिलों में बाहरी लोग कृषि और बागवानी के लिए भूमि नहीं ले सकेंगे, हालांकि कृषि प्रधान जिलों जैसे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर को इससे बाहर रखा गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूमि को लेकर नई नियमावली तैयार की जाएगी, जिससे किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए भूमि का उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

Ad

सम्बंधित खबरें