
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पौड़ी के दुगड्डा पार्क में तीन दिवसीय शहीद मेला का भव्य शुभारंभ किया। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, स्व. बलदेव सिंह आर्य और स्व. भवानी सिंह रावत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जो क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होंगी।
मुख्यमंत्री ने नगर पालिका दुगड्डा के क्षेत्र में एक आधुनिक बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कराने, नगर पालिका के लिए आधिकारिक वाहन की व्यवस्था, भवानी सिंह रावत शहीद स्मृति स्थल का संरक्षण एवं पुनर्निर्माण कार्य नगर पालिका द्वारा करने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र के निराश्रितों के लिए एक स्थायी रैन बसेरे का निर्माण और दुगड्डा नगर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विकास तथा इसे स्व. श्री मोहन लाल बौंठियाल के नाम पर रखने की बात कही। मुख्यमंत्री ने दुगड्डा ब्लॉक में मिनी स्टेडियम की स्थापना और फतेहपुर में सिलगाड नदी पर पुल के निर्माण की भी घोषणा की। मटियाली में सिद्धबाबा मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य की भी योजना बनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली गाथाओं को नई पीढ़ी के सामने लाने के लिए पूरे देश में स्मारकों और संग्रहालयों का निर्माण कराया जा रहा है। राज्य सरकार भी ऐसे वीर स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में उत्तराखंड का पांचवां धाम, सैनिक धाम देहरादून के गुनियाल गांव में बन रहा है, जो सैनिकों और उनके परिवारों के लिए सम्मान का प्रतीक बनेगा।
शहीद मेला में विभिन्न विभागों जैसे रीप परियोजना, बाल विकास, वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, डेयरी विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया। इस कार्यक्रम में विधायक महंत दलीप रावत, विधायक यमकेश्वर रेनू बिष्ट, मेयर कोटद्वार शैलेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका परिषद दुगड्डा की अध्यक्ष शांति बिष्ट, जिला अध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत और अन्य प्रमुख अधिकारी एवं लोग उपस्थित रहे।
