उत्तराखंड पंचायत चुनाव के मतगणना परिणाम जारी रामनगर से भाजपा विधायक दीवान सिंह बिष्ट की पुत्रवधू श्वेता बिष्ट क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीत गई

उत्तराखंड पंचायत चुनाव के मतगणना परिणाम जारी हैं। रामनगर से भाजपा विधायक दीवान सिंह बिष्ट की पुत्रवधू श्वेता बिष्ट क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीत गई हैं। उन्होंने पूर्व ब्लॉक प्रमुख की बहन नीमा नेगी को 61 मतों से हराया। श्वेता के पति जगमोहन बिष्ट भाजपा युवजन मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

चकराता विधानसभा से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह ने जिला पंचायत सदस्य की सीट पर जीत हासिल की। इसके अलावा आरा से दीवान सिंह तोमर, मगरौली से वीरेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत बायला से कांग्रेस समर्थित प्रवीन रावत और रायगी से श्याम सिंह चौहान भी विजयी रहे।

बागेश्वर के गढ़खेत खेत से लोक कलाकार लक्ष्मण उर्फ लच्छू ने क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर जीत हासिल की है। लक्ष्मण सोशल मीडिया पर सक्रिय और पहाड़ी डांसर के रूप में लोकप्रिय हैं।

पौड़ी गढ़वाल के पाबौ ब्लॉक के कुई गांव से 22 वर्षीय साक्षी ने ग्राम प्रधान का चुनाव जीतकर अपना डेब्यू किया है। साक्षी ने देहरादून से बीटेक किया है और गांव के विकास के लिए कई योजनाएं लेकर चल रही हैं।

जिला पंचायत सीट कोठा से निर्दलीय प्रत्याशी सुरेश कुमार बिष्ट ने अपने प्रतिद्वंदी सुरेंद्र रावत को लगभग 595 मतों से हराया। भाजपा के बलबीर रावत तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, जिला पंचायत सीट अन्द्रपा से भाजपा के जगदीश घण्ड्याली ने कांग्रेस के अनिल अग्रवाल को 250 मतों से पराजित किया।

खटीमा विकास खंड से कांग्रेस समर्थित हीरा मुडेला ने जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने जनता के समर्थन के लिए आभार जताया, जबकि पिछली बार वे चुनाव हार गई थीं।

रुद्रपुर ब्लॉक की क्षेत्र पंचायत सीटों पर भी विभिन्न उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जिनमें जवाहरनगर शांतिपुरी नं.1 से सरोजनी कार्की, शांतिपुरी खामियां नं.2 से पूजा कोरंगा, शांतिपुरी खामियां नं.3 से गंगा दानू और तुर्कागौरी से ललित राय विजयी रहे।

टिहरी के भुत्सी जिला पंचायत सीट से सीता मनवाल ने 112 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उनका नामांकन पहले रिटर्निंग ऑफिसर ने निरस्त कर दिया था, लेकिन हाईकोर्ट के आदेश पर पुनः नामांकन सही पाया गया। चुनाव में उन्होंने सरिता देवी को पराजित किया।

Ad

सम्बंधित खबरें