नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए रामगढ़ की पूर्व ब्लॉक प्रमुख पुष्पा नेगी, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी बिष्ट के नाम का ऐलान किया

हल्द्वानी। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस ने अपने आधिकारिक प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए रामगढ़ की पूर्व ब्लॉक प्रमुख पुष्पा नेगी, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी बिष्ट के नाम का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि उनकी पार्टी इन चुनावों में स्पष्ट बहुमत से जीत हासिल करेगी।

एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा पर चुनाव में गड़बड़ी करने और प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के लिए धनबल और सत्ता का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे “भाजपा के एजेंट” की तरह काम करना बंद करें।

यशपाल आर्य ने कहा, “भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है। हाल ही में हुए पंचायत चुनावों के नतीजे इसका प्रमाण हैं। नैनीताल जिले में भी कांग्रेस की प्रत्याशी पुष्पा नेगी मजबूती से आगे बढ़ रही हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आरक्षण व्यवस्था में हेरफेर कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।

प्रेस वार्ता में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, पूर्व विधायक संजीव आर्य, जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को सत्ता से बाहर करने का भरोसा जताया और कहा कि जनता अब तानाशाही नहीं, लोकतंत्र चाहती है। प्रेस वार्ता के दौरान जिला पंचायत सदस्य पूनम बिष्ट और देवकी बिष्ट भी मौजूद थीं।

Ad

सम्बंधित खबरें