
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में गुलदार (तेंदुआ) का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात अगस्त्यमुनि ब्लॉक के धान्यों गांव में एक महिला पर गुलदार ने घर के अंदर घुसकर हमला कर दिया। यह घटना करीब 3:30 बजे की है, जब महिला अपने घर में सो रही थी।
जानकारी के अनुसार, कुशला देवी (उम्र 55 वर्ष) अपने कमरे में सो रही थीं, तभी गुलदार ने दरवाजा तोड़कर उन पर झपट्टा मारा और उन्हें बाहर खींचने की कोशिश की। शोर सुनकर महिला के पति मौके पर पहुंचे और लाठी से हमला कर गुलदार को भगाया। महिला के नाक और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में उन्हें अगस्त्यमुनि अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
यह घटना बीते एक सप्ताह में क्षेत्र में गुलदार का दूसरा हमला है। इससे पहले, एक महिला को गुलदार ने गांव की गौशाला में घायल किया था। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, श्रीनगर गढ़वाल में भी आज सुबह एक 32 वर्षीय व्यक्ति गुलदार के हमले का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, युवक गंगा दर्शन से आगे पौड़ी रोड पर मजदूरी का काम करता है। सुबह जब वह शौच के लिए गया था, तभी गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को संयुक्त अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है।
