पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम बुक्कनपुर में युवक-युवती के बीच चल रहे प्रेम-प्रसंग को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और संघर्ष खूनी हो गया

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम बुक्कनपुर में युवक-युवती के बीच चल रहे प्रेम-प्रसंग को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में एक बार फिर विवाद हो गया।

दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और संघर्ष खूनी हो गया, जिसमें ग्राम प्रधान को गंभीर चोटें आई हैं। अन्य पांच लोगों के हल्की चोटें लगी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पक्ष के व्यक्ति पर तंमचे से हवाई फायरिंग करने का आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर एक पक्ष के ग्राम प्रधान सुशील कुमार व दूसरे पक्ष के लोगों में पहले कहासुनी हो गई। इसके बाद देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले।

मारपीट के दौरान ग्राम प्रधान सुशील कुमार को गंभीर चोट आई है। गांव में दो पक्षों में विवाद को लेकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक विवाद में शामिल लोग मौके से भाग निकले।

थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर आने पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Ad

सम्बंधित खबरें