
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट के बीच तीखी नोकझोंक का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद के बाद, मदन बिष्ट ने मानहानि का दावा करने की बात कही है।
बजट सत्र के पहले दिन, राज्यपाल के अभिभाषण के बाद संसदीय कार्यमंत्री ने कांग्रेस विधायक पर सदन में शराब पीकर आने का आरोप लगाया था। इस पर मदन बिष्ट ने कहा कि यह आरोप बिल्कुल गलत और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस विवाद की जानकारी पहले नहीं थी, लेकिन अब जब उन्हें पता चला तो उन्होंने इसे न केवल व्यक्तिगत अपमान बल्कि जनप्रतिनिधि के रूप में अपमानजनक बताया।
विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि मंत्री का आचरण बेहद अभद्र था और उन्हें इस तरह से अपमानित किया गया जैसे उनकी कोई इज्जत नहीं हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह मंत्री के खिलाफ मानहानि का दावा करेंगे और इस मुद्दे को सदन में भी उठाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष किसी को भी सदन में इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उनका कहना था कि इस तरह के आचरण से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी दुख हुआ है और इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस मुद्दे पर अपनी टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा कि सदन में अभद्रता हमारी कार्यसंस्कृति का हिस्सा नहीं होनी चाहिए।
