उधम सिंह नगर जिले में चुनावी रंजिश से जुड़ी बड़ी कार्रवाई हुई है। किच्छा और काशीपुर में पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ों में दो बदमाश घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।
किच्छा कोतवाली क्षेत्र में अलीम हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दोनों आरोपी घायल हो गए और उनका इलाज किच्छा सामुदायिक अस्पताल में चल रहा है। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को साजिद खान (46) और गुलनवाज (22) निवासी ग्राम दरऊ बताया। इनके पास से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खाली खोके बरामद हुए हैं। इससे पहले 23 अगस्त को भी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रविवार देर शाम काशीपुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। कुंडेश्वरी खरमासा क्षेत्र में अचार फैक्ट्री की तरफ भाग रहे दो संदिग्धों को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और दूसरे को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काव्य शर्मा (ढकिया) और राघव मिश्रा उर्फ निखिल (सुभाष नगर) के रूप में हुई है। काव्य शर्मा पर पूर्व ग्राम प्रधान श्याम सिंह पर 21 अगस्त को गोली चलाने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, काव्य शर्मा का परिवार पहले से कई आपराधिक मामलों में लिप्त है। उसका भाई कार्तिक शर्मा फरवरी 2024 में दोहरे हत्याकांड में जेल जा चुका है। काव्य शर्मा भी पहले हत्या के प्रयास के आरोप में नामजद है, जबकि उसका मामा भी हत्या के प्रयास में जेल में है। पुलिस ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है।
