उधम सिंह नगर जिले में फायरिंग की झूठी सूचना से पुलिस में हड़कंप

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में फायरिंग की झूठी सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। बाद में जांच में मामला झूठा निकला तो पुलिस ने सूचना देने वाली महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस एक्ट के तहत 10 हजार रुपये का चालान कर दिया।

जानकारी के अनुसार डायल 112 पर एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसके बेटे पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए ट्रांजिट कैंप कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम में उपनिरीक्षक अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल नरेश सामंत और हेड कांस्टेबल किशोर भी शामिल थे।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूरे मामले की जांच की और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि सूचना देने वाली महिला रानी, पत्नी जमुना प्रसाद, कैकई जगतपुरा में किराये पर रहती हैं। उनका बेटा बोबी चौधरी अपने दोस्तों के साथ नशे की हालत में वैगन-आर कार चला रहा था।

ट्रांजिट कैंप कोतवाल प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे के अनुसार बोबी चौधरी ने नशे में वाहन चलाते हुए एक गैस वाहन को टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई।

चश्मदीद गवाहों ने पुलिस को बताया कि वहां किसी तरह की फायरिंग नहीं हुई थी। जांच में यह भी पता चला कि रानी ने उन युवकों को सबक सिखाने के लिए डायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना दी थी।

झूठी सूचना के कारण पुलिस को अनावश्यक रूप से मौके पर दौड़ना पड़ा और आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान कर दिया।

Ad

सम्बंधित खबरें