5 जनवरी से 7 जनवरी तक राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। 5 जनवरी से 7 जनवरी तक राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 जनवरी तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 5 जनवरी से मौसम में बदलाव आएगा और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो जाएगी। 5 से 7 जनवरी के बीच उत्तराखंड के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी जिलों में बर्फबारी होगी। उत्तरकाशी जिले के कुछ हिस्सों में भी बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ हिस्सों में भी बर्फबारी का अनुमान है। यह बदलाव पर्वतीय क्षेत्रों में सर्दी को और बढ़ा सकता है। नए साल के पहले दिन से उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में शीत लहर और कड़ाके की ठंड ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। शीत लहर के साथ सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। लोग इस ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों में लिपटे हुए हैं और अलाव का सहारा ले रहे हैं। रामनगर और कालाढूंगी जैसे मैदानी क्षेत्रों के साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी शीत लहर का असर देखा जा रहा है।ठंड के साथ कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है, जिसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। रामनगर का न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। ठंड के कारण लोग अपने घरों में रहकर अलाव और रजाई का सहारा ले रहे हैं। ठंड से बचने के लिए नगर पालिका ने शहरी क्षेत्रों में जगह-जगह अलाव जलाने की व्यवस्था की है। खासतौर पर उन चौक-चौराहों पर अलाव जलाए जा रहे हैं, जहां आवाजाही अधिक होती है। दुकान स्वामियों द्वारा भी लोगों के लिए अलाव जलाए जा रहे हैं, ताकि वे ठंड से बच सकें। इस मौसम में बर्फबारी और शीतलहर के साथ ठंड का असर बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

Ad

सम्बंधित खबरें