प्रदेश महिला कांग्रेस की बैठक आयोजित

देहरादून 16 जनवरी। लोकसभा एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारी के मद्देनजर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभागार देहरादून में प्रदेश महिला कांग्रेस की बैठक प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। महिला कांग्रेस की बैठक में प्रदेश महिला कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला व महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्षों ने प्रतिभाग किया। बैठक का संचालन आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने किया। उक्त जानकारी देते हुए महानगर महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता चन्द्रकला नेगी ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारी हेतु बूथ स्तर तक महिला कांग्रेस संठन की मजबूती एवं भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सभी महिला पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए लोकसभा चुनाव एवं नगर निकाय चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्रवान किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश महिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रोतेला ने प्रदेशभर से आयी महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस पार्टी संगठन की मजबूत कड़ी है। कांग्रेस के इतिहास में महिला कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आगामी लोकसभा एवं नगर निकाय चुनाव में महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को एकबार पुनः अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को केन्द्र व राज्य सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कमर कसनी होगी। हर बूथ पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ता रहेंगे तथा प्रत्येक बूथ पर 10 मजबूत महिला कार्यकर्ताओं को खड़ा करने का काम महिला कांग्रेस को करना है जो भाजपा सरकारों की विफलता, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बेरोजगारी, महंगाई को घर-घर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे।
ज्योति रौतेला ने कहा कि भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार के कार्यकालों में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अंकिता भण्डारी जैसे जघन्य हत्याकांड में भाजपा नेताओं की संलिप्तता, बढती मंहगाई, बेरोजगारी व पलायन से आज उत्तराखण्ड त्रस्त है। हमें भाजपा सरकारों की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य होगा जिसके लिए बूथ स्तर तक महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए काम करना है।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, मीना शर्मा, अल्का पाल, जया कर्नाटक, शोभा बिष्ट, चन्द्रकला नेगी, भगवती बिष्ट, महामंत्री पुष्पा पंवार, शिवानी थपलियाल, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, जिलाध्यक्ष उषा रावत, ललिता भण्डारी, आशा रावत, खष्टी बिष्ट, अनुराधा तिवाडी, नीलम रावत, सुमन नैथानी, मुन्नी देवी, मधु सांगुडी, अंजुम मिश्रा, उदय जैन, सुनीता कश्यप, निधि नेगी, लता जोशी, भावना, कविता, शोभा बडोनी, चम्पा सिलवाल, चंचल जोशी, गर्विराय, नलनी दीक्षित, रचना शर्मा, शशि झा, कमलजीत कौर, सुशीला बेलवाल, पम्मी देवी, आशा ममगाई, अन्जुम आदि अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।

Ad

सम्बंधित खबरें