हल्द्वानी के मोटाहल्दु क्षेत्र के ग्राम बकुलिया में मंगलवार शाम नहाने गए दो किशोरों का शव गौला नदी से बरामद कर लिया गया है। करीब 14 घंटे की लगातार खोजबीन के बाद अंकित भौर्याल (15) पुत्र दीवान सिंह भौर्याल और कृष दानू (15) पुत्र दरबान सिंह दानू के शव मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
दोनों बच्चे मंगलवार शाम लगभग पांच बजे नहाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजन और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन रातभर किसी भी प्रकार का कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह होते ही पुलिस और स्थानीय लोग नदी में खोजबीन में जुट गए, जिसके बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बरामद किए गए। इस घटना ने इलाके में मातम का माहौल पैदा कर दिया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
