उत्तराखंड में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को हल्द्वानी में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण महारा और स्थानीय विधायक सुमित हृदयेश ने किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बुध पार्क में एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन अपराधियों को खुला संरक्षण दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” जैसे तीखे नारे लगाए और सरकार पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि “देवभूमि अब अपराधभूमि बनती जा रही है। राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।” उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था में सुधार की मांग की और कहा कि अगर सरकार अब भी नहीं चेती, तो कांग्रेस सड़कों से लेकर विधानसभा तक लड़ाई जारी रखेगी।
