
रुद्रपुर: सरदार भगत सिंह महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के नामांकन के दौरान हुई फायरिंग और मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया को किच्छा कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। गगन को आज अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, गगन पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, हत्या समेत कुल 32 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अब तक इस घटना में कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस ने बताया कि फायरिंग की इस घटना के आरोपियों की तलाश में एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। विजिलेंस टीम की मदद से गगन की लोकेशन सितारगंज क्षेत्र में ट्रेस की गई। वह अपने साथियों—मोहम्मद रजत, देवेंद्र कुमार और विपिन ठाकुर के साथ सरेंडर की योजना बना रहा था। तभी पुलिस ने उसे घेर लिया। पकड़े जाने के डर से गगन जंगल की ओर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली गगन के घुटने के पास लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
