मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है और साथ ही येलो अलर्ट भी जारी किया

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज कब बदल जाए, इसका कोई अनुमान नहीं हो सकता। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है और साथ ही येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 17 मार्च को भी कुछ स्थानों पर बारिश और थंडरस्टॉर्म की गतिविधि हो सकती है।

देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, पौड़ी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। साथ ही हरिद्वार, चंपावत और नैनीताल जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ आकाशीय बिजली भी चमक सकती है।

उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राजधानी देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 14°C तक रहने की संभावना है।

प्रदेश के कई जिलों में बीती रात से बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है, और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी के चांगथांग में हाल ही में हिमस्खलन हुआ, जिसका वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन ने मार्ग को फिर से यातायात के लिए खोल दिया।

Ad

सम्बंधित खबरें