देहरादून: उत्तराखंड में मानसून 20 जून को दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून सबसे पहले कुमाऊं मंडल के जिलों में प्रभावी होगा। इससे पहले प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्री-मानसून बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जो आगामी दिनों में भी बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के मुताबिक, मानसून बिहार और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में प्रवेश कर चुका है। ऐसे में उत्तराखंड पहुंचने में अब केवल 2 से 3 दिन का समय लग सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 से 24 जून तक राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। खासकर देहरादून और पौड़ी जैसे गढ़वाल मंडल के जिलों में मानसून के आने के बाद अपेक्षाकृत अधिक वर्षा हो सकती है।
राजधानी देहरादून में पूरे सप्ताह बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। बृहस्पतिवार को दिन में दो बार बारिश हो सकती है। हालांकि तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा जाएगा।
राज्य में सक्रिय प्री-मानसून गतिविधियों के साथ अब मानसून की औपचारिक एंट्री का इंतजार किया जा रहा है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
