उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के जोनल भर्ती अधिकारी मेजर जनरल मनोज तिवारी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।

देहरादून: उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के जोनल भर्ती अधिकारी मेजर जनरल मनोज तिवारी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों के बीच अग्निपथ योजना पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने इस मुलाकात पर खुशी जताते हुए इसे राज्य के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान, मेजर जनरल मनोज तिवारी ने सीएम धामी को जानकारी दी कि अब तक अग्निवीर भर्ती के तहत उत्तराखंड से 4500 अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है। इसके अलावा, 2000 रिक्त पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में होने वाली भर्तियों में राज्य के अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य और जनपद स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल को सराहा और राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता की बात कही। सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट के जरिए बताया कि मेजर जनरल मनोज तिवारी से इस दौरान अग्निपथ योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बहुल प्रदेश है, और राज्य सरकार सेना को हर स्तर पर प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।उत्तराखंड को ‘सैनिक प्रदेश’ के रूप में जाना जाता है, जहां करीब 72 हजार युवा भारतीय सेनाओं में कार्यरत हैं। राज्य में 1,69,519 पूर्व सैनिक भी हैं। उत्तराखंड के वीर सैनिकों का योगदान भारतीय सेना में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है, विशेष रूप से 1999 के कारगिल युद्ध में। इस युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर सैनिकों ने शहादत दी थी और उन्होंने दुश्मन पाकिस्तान के खिलाफ जांबाजी का प्रदर्शन किया था, जो सैन्य इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।

Ad

सम्बंधित खबरें