सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर नमाज़ नहीं होगी बर्दाश्त, मस्जिद व ईदगाह में ही करें अदा — SSP मंजुनाथ TC

देवभूमि की फिजा खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, सोशल मीडिया पर हर गतिविधि पर पुलिस की नजर

एसएसपी  मंजूनाथ ने बकरीद (ईद-उल-अजहा) और पर्यटन सीजन को लेकर जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी से भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और वर्तमान समय में चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, मानसखंड यात्रा तथा श्री कैची धाम यात्रा के चलते जनपद में भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  1. एसएसपी  मंजूनाथ ने बताया कि बकरीद और पर्यटन सीजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है तथा चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सीएलजी और शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों से संवाद स्थापित कर रहा है ताकि कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि नमाज केवल निर्धारित और अधिकृत स्थलों जैसे मस्जिद परिसर एवं ईदगाह में ही अदा की जाएगी। किसी भी सार्वजनिक स्थान, पार्क, मैदान अथवा सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने अफवाह फैलाने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक जानकारियां फैलाने का प्रयास कर सकते हैं, जिन पर पुलिस की कड़ी नजर है। यदि कोई व्यक्ति साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कुर्बानी को लेकर भी प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी ने कहा कि कुर्बानी केवल निर्धारित एवं बंद स्थानों पर ही की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। साथ ही कुर्बानी प्रक्रिया के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने नागरिकों से साफ-सफाई बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कुर्बानी के बाद अवशेषों का निस्तारण निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाए। स्वच्छता बनाए रखना आयोजकों एवं संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी होगी।

अंत में Nainital Police ने जनपदवासियों से शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Ad

सम्बंधित खबरें