तेज रफ्तार वाहन ने महिला को टक्कर मारी महिला की मौके पर ही हुई मौत

उत्तरकाशी: लंबगांव मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार वाहन ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वाहन चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हादसे की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।

उत्तरकाशी के मानपुर में रहने वाली रेखा मेहर (42 वर्ष) शुक्रवार सुबह अपने घर के आंगन में धूप सेंक रही थीं। इसी दौरान उत्तरकाशी से चौरंगी की ओर जा रही एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर घर की बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए महिला को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद आसपास हड़कंप मच गया और परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन चालक को हिरासत में लिया और थाने ले आई। थानाध्यक्ष भावना कैंथोला ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित घर की दीवार तोड़ते हुए आंगन में घुस गया और महिला उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद पुलिस पूरे घटनास्थल की पड़ताल में जुटी हुई है।

Ad

सम्बंधित खबरें