उत्तराखंड में एक चौंकाने वाला आपराधिक मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। देहरादून सचिवालय में तैनात एक सफाईकर्मी ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोप है कि मृतक दोस्त उस पर पत्नी की अदला–बदली (वाइफ स्वैपिंग) के लिए लगातार दबाव बना रहा था और उसकी पत्नी को लेकर अश्लील टिप्पणियां करता था।
बिजनौर के एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि 21 दिसंबर की शाम हरिद्वार–काशीपुर नेशनल हाईवे पर नजीबाबाद बाईपास के पास एक शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह निवासी गांव हरचंदपुर, थाना नांगल के रूप में हुई। सुरेंद्र लंबे समय से देहरादून में रह रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि सोमवार सुबह सुरेंद्र बाइक से अपने गांव हरचंदपुर आया था। इसकी जानकारी उसके दोस्त संदीप, निवासी नालापानी रोड, थाना डालनवाला देहरादून को थी। पूर्व नियोजित योजना के तहत संदीप बस से पहले रुड़की, फिर हरिद्वार और उसके बाद मंडावली पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात सुरेंद्र से हुई। इसके बाद दोनों नजीबाबाद पहुंचे।
नजीबाबाद बाईपास पर सुनारोवाली के पास दोनों ने शराब पी। इसी दौरान संदीप ने ईंट से हमला कर सुरेंद्र की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने की कोशिश भी की, लेकिन गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर वह मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। वह देहरादून सचिवालय में आउटसोर्सिंग के जरिए सफाईकर्मी के पद पर तैनात है।
पुलिस पूछताछ में संदीप ने बताया कि सुरेंद्र उसका पुराना दोस्त था और उसने उससे करीब 80 हजार रुपये भी उधार ले रखे थे। आरोप है कि सुरेंद्र उसकी पत्नी को लेकर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था और उसे पत्नी को उसके पास भेजने के लिए दबाव डालता था। मृतक की आपराधिक छवि के कारण आरोपी खुलकर विरोध नहीं कर पा रहा था, जिसके चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
लोकेशन ट्रैकिंग से बचने के लिए संदीप ने अपना मोबाइल फोन रुड़की में ही छोड़ दिया था। उसने वहां अपने भाई की दुकान से एक सफेद हुडी जैकेट खरीदी, ताकि सीसीटीवी कैमरों में पहचान छिपाई जा सके। हालांकि हत्या के बाद वही जैकेट घटनास्थल पर छूट गई, जिसमें हरिद्वार से मंडावली तक का बस टिकट भी मिला।
इसी सबूत के आधार पर पुलिस ने मंडावली और हरिद्वार के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी हुडी जैकेट पहने नजर आया। इसके बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही और पूरे मामले का खुलासा हुआ।









