हूटर बजाकर रौब दिखाने की कोशिश पड़ी महंगी चालान कर हूटर निकलवाया

उत्तराखंड में नियमों की अनदेखी कर खुद को प्रभावशाली दिखाने की कोशिश करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। भाजपा का स्टीकर लगी कार में अवैध रूप से हूटर लगाकर चल रहे युवकों को रामनगर पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए सबक सिखाया।

मामला रामनगर के भवानीगंज क्षेत्र का है, जहां नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोका। कार सवार युवक लगातार हूटर बजाकर रौब दिखाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भी उन्होंने हूटर बजाना बंद नहीं किया और पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया।

जांच में सामने आया कि कार संख्या UP21 DK 9727 मुरादाबाद की है और उसमें सवार सभी युवक मुरादाबाद निवासी हैं। युवकों ने पुलिस को बताया कि यह कार उनके मामा की है, जो भाजपा मुरादाबाद मंडल के महामंत्री बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी राजनीतिक पहचान या सिफारिश को तवज्जो नहीं दी।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कोतवाली रामनगर पहुंचाया और पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि वाहन में अवैध हूटर लगा हुआ था और मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन किया जा रहा था। इस पर ₹2000 का चालान नकद किया गया और कार से हूटर उतरवाकर जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी प्रकार की वीआईपी संस्कृति या राजनीतिक दबाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Ad

सम्बंधित खबरें