
उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। चमोली जिले के नंदप्रयाग–नंदानगर मोटर मार्ग पर सेरा गांव के समीप रविवार देर सायं एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नंदानगर से नंदप्रयाग की ओर जा रही एक अल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सेरा गांव निवासी 26 वर्षीय सुरेंद्र सिंह पुत्र हिम्मत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह नंदानगर बाजार से अपने घर सेरा लौट रहे थे।
रविवार देर शाम मनीष कुमार द्वारा थाना नंदानगर को सूचना दी गई कि जाखणी, नंदानगर क्षेत्र में एक टैक्सी वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना नंदानगर की पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर वाहन संख्या UK11 TA 3251 खाई में गिरी हुई मिली, जबकि चालक भी नीचे गिरा हुआ था।
पुलिस टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









