सीएनजी गैस से भरे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने टक्कर

उत्तराखंड में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। कभी लापरवाही तो कभी तेज रफ्तार इन दुर्घटनाओं की मुख्य वजह बन रही है। इसी बीच पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर थाना खानपुर क्षेत्र में संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

हरिद्वार जिले के लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाला पुलिया के पास सीएनजी गैस से भरे दो भारी ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों वाहन तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से जुड़े बताए जा रहे हैं और पूरी तरह गैस से भरे हुए थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर आग लगने या विस्फोट होने की आशंका पैदा हो गई। हादसे के बाद दो गैस सिलेंडरों से गैस का रिसाव भी शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही थाना खानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाल लिया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल से करीब 200 मीटर पहले ही गोवर्धनपुर और खानपुर की ओर से आने वाले यातायात को पूरी तरह रोक दिया गया। साथ ही फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम और सीएनजी विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया।

राहत और बचाव टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घायल ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। विशेषज्ञों की मदद से गैस के रिसाव को भी नियंत्रित कर लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू कर दिया गया।

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह (लक्सर), प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी और पुलिस बल के साथ एफएसओ लक्सर अपनी टीम सहित मौजूद रहे और हालात सामान्य होने तक पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी।

Ad

सम्बंधित खबरें