आम जनता को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार, 7 मार्च से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये का इजाफा किया गया है। इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा। नई दरें शनिवार से ही लागू हो गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपये से बढ़कर 930 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है।
कमर्शियल सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गई है। मुंबई में यह 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये, कोलकाता में 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अप्रैल 2025 से स्थिर थी। उस समय दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की कीमत 853 रुपये थी। ताजा बढ़ोतरी से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ उन व्यवसायों पर भी असर पड़ेगा जो अपने रोजमर्रा के कामकाज के लिए एलपीजी पर निर्भर हैं।
वहीं केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पहले कहा था कि देश में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्धता को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है।









