
हल्द्वानी
शहर में केमू (KMOU) की बसों के कारण लगने वाले जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कल ही इस विषय को अख़बार में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद आज फिर वही हाल देखने को मिला। सुबह से ही मुख्य मार्गों पर केमू बसों के अव्यवस्थित खड़े होने और मनमाने स्टॉपेज के कारण बुरा जाम लग गया।
जाम के चलते आम नागरिकों, स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय कर्मियों और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घंटों तक वाहन रेंगते रहे और यातायात पुलिस भी हालात पर काबू पाने में असहाय नजर आई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केमू बसें न तो तय स्टैंड पर रुकती हैं और न ही यातायात नियमों का पालन करती हैं। बार-बार शिकायतों और समाचारों के बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कल ही इस अव्यवस्था को उजागर किया गया था, तो आज फिर वही स्थिति क्यों बनी? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है?
जनता ने परिवहन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि केमू बसों के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं, अवैध स्टॉपेज पर रोक लगे और शहर को जाम से निजात दिलाई जाए।









