बच्चा चोरी के शक में लोगों की भीड़ ने एक महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध कर की बेहरहमी से पिटाई

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां बच्चा चोरी के शक में लोगों की भीड़ ने एक महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के दौरान कई लोग मौके पर मौजूद रहे और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।

बताया जा रहा है कि यह घटना ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर की है। रविवार सुबह करीब 11 बजे इलाके के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। महिला की इस हरकत से बच्चों के माता-पिता और आसपास के लोग सतर्क हो गए और उन्हें उस पर बच्चा चोरी का शक हो गया।

देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने महिला को पकड़ लिया और उसे पास के बिजली के पोल से बांध दिया। इसके बाद कई लोगों ने उसे थप्पड़, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय महिलाएं भी आक्रोश में आ गईं और उन्होंने भी महिला के साथ मारपीट की।

घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचे और लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान भी कुछ महिलाएं पुलिस के सामने ही महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया और महिला को छुड़ाकर थाने ले गए।

थाने में पूछताछ के दौरान महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी। बताया गया कि वह खुद से ही बातें कर रही थी और सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही थी।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि यह महिला पहले भी थाने में हंगामा कर चुकी है। एक बार वह थाने में दीवार पर सिर मारने लगी थी, जिसके चलते पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे फिलहाल छोड़ दिया गया है। साथ ही उसके बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में वहां पहुंची थी।

Ad

सम्बंधित खबरें