पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल

उत्तराखंड के हरिद्वार में देर रात पुलिस और दो बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर निवासी जीशान के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में उसने अपने साथी शाहनवाज के साथ मिलकर 28 जून को एक महिला की हत्या करने और शव को हरिद्वार में गंगा किनारे झाड़ियों में फेंकने की बात कबूल की है।

पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र में बीती रात दूधिया बंध तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान देहरादून की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जीशान के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी शाहनवाज मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

यह मामला 28 जून को सामने आया था, जब रोडीबेलवाला चौकी के पीछे आस्था पथ के पास झाड़ियों में करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। महिला के शरीर पर चोट के कई निशान थे, कपड़े फटे हुए थे और नाक-मुंह से खून बह रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने और मुंह दबाने से दम घुटने के कारण हुई थी। रिपोर्ट में गर्दन और नाक की हड्डी टूटने तथा शरीर पर गंभीर चोटों की भी पुष्टि हुई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार जीशान ने हत्या में अपनी और शाहनवाज की भूमिका स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा। फिलहाल मृतका की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।

Ad

सम्बंधित खबरें