हल्द्वानी/लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जो तीन अलग-अलग चोरी की वारदातों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं थाना क्षेत्र में घरों के ताले तोड़कर आभूषण और नकदी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। पहली शिकायत वर्ष 2023 में बिंदुखत्ता निवासी चंद्रा देवी ने दर्ज कराई थी, जबकि 2025 में पार्वती देवी और कुंवर सिंह मेहता के घरों में भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं हुई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए तकनीकी और मैन्युअल जांच के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की।
23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के मामलों में संदिग्ध व्यक्ति बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के आभूषण बरामद हुए, जबकि कुछ जेवर एक हीटर की निचली प्लेट में छिपाकर रखे गए थे।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानु प्रताप निवासी मुड़िया नवी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और चोरी का माल बेचकर पैसे खर्च कर चुका है। आरोपी ने वर्ष 2025 में दर्ज दो अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने बरामद आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराकर उन्हें संबंधित मामलों से जोड़ दिया है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस टीम के बेहतर कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें 2,500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।









