ईद के मौके पर हुई फायरिंग मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ़्तार

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में ईद के मौके पर हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने त्योहार के दिन इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से कुछ ही घंटों में आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया।

पुलिस के अनुसार, 21 मार्च को खेड़ी खुर्द निवासी रिजवान ने लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उसके और उसके साथियों के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से कई मामले दर्ज हैं।

घटना रायसी ईदगाह की है, जहां ईद की नमाज से पहले अचानक फायरिंग शुरू हो गई। बताया गया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने नमाज अदा करने पहुंचे लोगों को निशाना बनाकर दो से तीन राउंड फायर किए। गोली चलने की आवाज से ईदगाह परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हालात को संभालते हुए शांति व्यवस्था कायम की। घटना के बाद इलाके में खौफ का माहौल था, जिसे पुलिस ने समय रहते नियंत्रण में लिया।

फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Ad

सम्बंधित खबरें