
देहरादून/बुलंदशहर। गत रात्रि को बुलंदशहर के थाना कोतवाली देहात व थाना गुलावठी पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही में 50,000 के इनामी बदमाश के साथ मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्यवाही में बदमाश आज़ाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर 35 वर्ष घायल हुआ, जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। मृत बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं एक बिना नम्बर की मोटरसाईकिल बरामद हुई है। उल्लेखनीय है कि मृत बदमाश लूट व चोरी के मामलों में वांछित था तथा उसके विरुद्ध दिल्ली, उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में करीब 47 अभियोग पंजीकृत थे।
बुलंदशहर की देहात कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर मारा गया। जवाबी फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश पर विभिन्न जिलों में हत्या और लूट जैसे 47 गंभीर मामले दर्ज थे।
देहात कोतवाली पुलिस टीम स्याना रोड पर जसनावली के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बाइक मोड़कर भागने लगे। बदमाशों को भागता देख पुलिस ने तुरंत वायरलेस पर सूचना प्रसारित की। पीछा कर रही पुलिस टीम के साथ ही सामने से गुलावठी थाने की फोर्स भी पहुंच गई। सेल्टन बम्बा रोड पर खुद को दोनों ओर से घिरा देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश और घायल सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आजाद उर्फ जुबैर उर्फ पीटर (35) निवासी श्यामनगर, लिसाड़ी गेट (मेरठ) के रूप में हुई है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मारा गया बदमाश जुबैर उर्फ पीटर शातिर अपराधी था। 2 नवंबर 2025 को कोतवाली देहात क्षेत्र में हुई एक लूट की घटना में वह वांछित चल रहा था। उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था। फरार बदमाश की तलाश में इलाके में कॉम्बिंग की जा रही है।









