एसएसपी मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के बाद हल्द्वानी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। जिस गोरापड़ाव क्षेत्र में कभी एम्बुलेंस तक घंटों ट्रैफिक जाम में फंस जाती थी, वहां अब पुलिस की सक्रिय कार्रवाई से लोगों को काफी राहत मिलती दिखाई दे रही है।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी मनोज कत्याल और को अमित सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के धड़ाधड़ चालान काटे गए और कई लोगों को मौके पर ही सख्त चेतावनी भी दी गई।
गोरापड़ाव क्षेत्र लंबे समय से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। सड़क संकरी होने और वाहन चालकों द्वारा रॉन्ग साइड वाहन चलाने के कारण यहां आए दिन लंबा जाम लग जाता था। स्थिति इतनी खराब हो जाती थी कि कई बार मरीजों को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती थी, जिससे लोगों में भारी नाराजगी रहती थी।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान के बाद क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में स्पष्ट सुधार देखने को मिला। सड़क पर वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में काफी सुचारु रही और लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की जमकर सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार अभियान चलाए जाते रहे तो शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि रॉन्ग साइड चलने वालों, अवैध पार्किंग करने वालों और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई जारी रखी जाए ताकि शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
पुलिस अधिकारियों ने भी साफ किया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और आम जनता की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था उनकी प्राथमिकता है।









