तापमान में लगातार गिरावट से ठंड में और इजाफा होने की संभावना

उत्तराखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है। नवंबर के दूसरे हफ्ते में पहुंचते ही राज्य के सभी इलाकों में तापमान लगातार गिरने लगा है। तराई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाने लगा है, जिससे लोगों को यात्रा के दौरान दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी देखने को मिल रही है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन तापमान में लगातार गिरावट जारी रहेगी। इससे ठंड में और इजाफा होने की संभावना है।

राज्य के प्रमुख शहरों की बात करें तो राजधानी देहरादून और ऋषिकेश इस समय सबसे ज्यादा ठंड महसूस कर रहे हैं। दोनों शहरों का अधिकतम तापमान 24° सेल्सियस और न्यूनतम 9° सेल्सियस दर्ज किया गया है। हल्द्वानी तीसरे स्थान पर है, जबकि हरिद्वार में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। रुद्रपुर और काशीपुर में बाकी बड़े शहरों की तुलना में ठंड कुछ कम है।

हिल स्टेशनों की बात करें तो मसूरी में इन दिनों गुलाबी ठंड लोगों को भा रही है। वहीं, कुमाऊं क्षेत्र की सरोवर नगरी नैनीताल का अधिकतम तापमान 21° सेल्सियस और न्यूनतम 8° सेल्सियस पहुंच गया है। भले ही अभी बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन मौसम बेहद सुहावना है और घूमने के लिए आदर्श समय माना जा रहा है। कुल मिलाकर, उत्तराखंड में सर्दी अब पूरी तरह से दस्तक दे चुकी है और आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।

Ad

सम्बंधित खबरें