रुद्रपुर: पंतनगर थाना पुलिस ने सवारी से लूट और मारपीट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज पूरा होने के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। तीनों आरोपी पहले भी चोरी और लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
घटना 17 नवंबर की है। लालकुआं निवासी रजत गुप्ता दिल्ली में ऑटो चालक है। वह बस से रुद्रपुर पहुंचा और यहां से एक ऑटो में सवार हुआ जिसमें चालक सहित चार लोग बैठे थे। टाटा कंपनी के गेट नंबर 6 के पास ऑटो रुकते ही चारों ने रजत के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिले और आरोपियों की पहचान की गई। देर रात सूचना मिली कि लूट में शामिल तीन आरोपी संजय वन क्षेत्र में देखे गए हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, तो खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी—अरमान और रेहान, दोनों निवासी रेशमबाड़ी, थाना रुद्रपुर—के पैर में गोली लग गई। जबकि तीसरा आरोपी, ऑटो चालक सुमित गंगवार, नीलकंठ कॉलोनी, लालपुर निवासी, को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं। इलाज के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।







