
हल्द्वानी।
पंजाब केसरी समूह के वरिष्ठ संपादक स्वर्गीय अश्वनी चोपड़ा की पुण्य तिथि के अवसर पर पंजाब केसरी के हल्द्वानी कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों एवं कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को याद किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि अश्वनी चोपड़ा ने पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जो मानक स्थापित किए, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने पत्रकारिता को समाज की आवाज़ बनाने का कार्य किया और पंजाब केसरी को जन-जन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पत्रकार संजय तलवाड़, सुनील तलवाड़, मनोज पांडे, कमल जोशी सुशील शर्मा, सलीम, दिनेश जोशी, कैलाश जोशी, सोनू, हीरा तथा बालम सिंह शामिल रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया गया कि स्वर्गीय अश्वनी चोपड़ा द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए निष्पक्ष, सशक्त और जनोन्मुखी पत्रकारिता को आगे बढ़ाया जाएगा।









