
उत्तराखंड में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में उत्तराखंड STF, पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मिलकर वांछित तस्कर ईशानप्रीत सिंह को बाजपुर से गिरफ्तार किया।
आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस से बचने के लिए उत्तराखंड के बाजपुर क्षेत्र में पहचान बदलकर छिपा हुआ था। उसे केशवनगर इलाके से सोमवार तड़के पकड़ा गया।
ईशानप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है और उसके खिलाफ NDPS एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह एक ऐसे नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है जो अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में सक्रिय है।
जानकारी के मुताबिक, 23 मई 2026 को पंजाब में BSF और ANTF की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी अपने घर की छत से कूदकर फरार हो गया था। उस दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
बरामद हथियारों में बरेटा, जिगाना और मेड इन चाइना पिस्टल शामिल थीं। जांच में यह भी सामने आया कि वह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स मंगवाने वाले नेटवर्क का हिस्सा था।
सूचना मिलने पर उत्तराखंड STF ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रणनीति बनाई और सटीक ऑपरेशन के जरिए उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पंजाब पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे संगठित अपराधियों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







