
उत्तराखंड के पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े मामलों में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुुसार, सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी व अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कई ऑडियो-वीडियो साझा किए, जिनमें उत्तराखंड भाजपा नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और छवि खराब करने वाला कंटेंट था। इन वीडियो के वायरल होने के बाद हरिद्वार और देहरादून के विभिन्न थानों—झबरेड़ा, बहादराबाद, नेहरू कॉलोनी और डालनवाला—में उनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए गए थे।
मामला पहले उत्तराखंड हाईकोर्ट, नैनीताल तक भी पहुंचा था। कोर्ट ने दर्ज चार एफआईआर में से दो को रद्द कर दिया था, जबकि बाकी दो मामलों में जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। इन्हीं मामलों में पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से सुरेश राठौर को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। देहरादून पुलिस का कहना है कि उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
इस मामले में भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत भी शामिल है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो-वीडियो के जरिए पार्टी नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाने और झूठे आरोप लगाने की कोशिश की गई।
सुरेश राठौर 2017 में भाजपा के टिकट पर ज्वालापुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। बाद में विवादों और कथित ऑडियो-वीडियो प्रकरणों के चलते उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। उर्मिला सनावर के साथ उनके संबंधों और वायरल वीडियो को लेकर वे पहले भी सुर्खियों में रहे हैं।




