उत्तराखंड सरकार अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ नगर पालिका का उच्चीकृत कर नगर निगम बनाने की तैयारी में

उत्तराखंड सरकार अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ नगर पालिका का उच्चीकृत कर नगर निगम बनाने की तैयारी में हैं। इसके साथ ही डोईवाला नगर पालिका को तृतीय श्रेणी से उच्चीकृत कर प्रथम श्रेणी में लाने पर विचार चल रहा है।

शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने यह जानकारी दी। कहा कि नगर पालिकाओं के नगर निगम में उच्चीकृत होने से संबंधित क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा और लोगों की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार समय-समय पर नगर निकायों का उच्चीकरण करती रही है, इसी क्रम में अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ नगर पालिका को उच्चीकृत कर नगर निगम बनाने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम बनाने के लिए अल्मोड़ा में सीमा विस्तार नहीं किया जाएगा।

कुछ लोग सीमा विस्तार की भ्रांतिया फैला रहे हैं, जो कि गलत है। कहा कि डोईवाला नगर पालिका अभी तृतीय श्रेणी में है। प्रथम श्रेणी में शामिल होने के बाद संबंधित क्षेत्र के विकास के लिए ज्यादा बजट मिल सकेगा। विदित है कि राज्य में अभी आठ नगर निगम हैं।

इनमें देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रूड़की, कोटद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर व काशीपुर शामिल है, जबकि श्रीनगर का मसला अभी विवादों में चल रहा है। दो अन्य बनने के बाद राज्य में नगर निगमों की संख्या 10 हो जाएगी। इसी साल अक्तूबर माह तक नगर निगम, नगर पालिकाओं के साथ ही नगर पंचायतों के चुनाव भी प्रस्तावित हैं। कार्यकाल खत्म होने के बाद निकाय अभी प्रशासकों के हवाले हैं।

Ad

सम्बंधित खबरें