विजिलेंस टीम ने ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। किच्छा में विजिलेंस टीम ने ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी ने लकड़ी के ठेकेदार से आम के पेड़ काटने की अनुमति देने के एवज में यह रिश्वत ली।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह लकड़ी का ठेकेदार है और पिछले 5-6 वर्षों से यह काम कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे और उनके काटने के लिए नियमानुसार अनुमति लेना आवश्यक था।

शिकायत में कहा गया कि ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे ने कुल 16 पेड़ों को काटने की अनुमति देने के लिए 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए गए।

इसके बाद टीम ने ट्रैप योजना बनाई और शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपी के कार्यालय भेजा। जैसे ही बादल पांडे ने 12,000 रुपये स्वीकार किए, विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

विजिलेंस टीम ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Ad

सम्बंधित खबरें