युवक ने कथित तौर पर अपनी महिला मित्र पर तमंचे से फायर किया युवती घायल

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज के शक्तिफार्म क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर अपनी महिला मित्र पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रुद्रपुर निवासी 24 वर्षीय युवती का विवाह करीब पांच वर्ष पहले नानकमत्ता निवासी युवक से हुआ था। पारिवारिक विवाद के कारण दोनों लंबे समय से अलग रह रहे हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी दौरान युवती की पहचान रुद्रपुर के एक अन्य युवक से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। बताया जा रहा है कि कुछ समय से उनके संबंधों में भी तनाव चल रहा था।

जानकारी के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद युवती करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके लौट आई थी। शुक्रवार शाम वह अपनी छोटी बहन के साथ बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थी। घर से कुछ दूरी पहले बाइक सवार युवक ने उन्हें रोक लिया और बातचीत करने का प्रयास किया। बहन के अनुसार, युवती द्वारा बात करने से इनकार करने पर युवक ने गुस्से में तमंचे से फायर कर दिया।

गोली युवती के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल महिला को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार गोली शरीर के भीतर नहीं घुसी है और महिला की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सितारगंज कोतवाल सुन्दरम शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी संबंधों और विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Ad

सम्बंधित खबरें