युवक की धारनदार हथियार से हत्या

उत्तराखंड में सनसनी खेज घटना सामने आई है। कुमाऊं मंडल में युवक की धारनदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह मेरठ में पढ़ाई करता था। सेना में भर्ती की तैयारी के सिलसिले में वह यहां अपनी बुआ के घर आया था। बीचबचाव को पहुंची उसकी बुआ तथा चचिया सास पर भी प्राणघातक हमला किया गया। एक महिला का गला रेत दिया गया, जबकि दूसरी के सिर पर गंभीर चोट है। दोनों को नाजुक हालत में गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एएसपी हरबंश सिंह व सीओ भावना कैंथोला ने गांव पहुंच वारदात की जानकारी जुटाई। हत्याकांड की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अलबत्ता, आपसी रंजिश, लूटपाट समेत सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है।

सनसनीखेज घटना रानीखेत नगर के सुदूर ऐना गांव (द्वाराहाट ब्लाक) में  शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे की है। नगर क्षेत्र से 25 किमी दूर ऐना गांव निवासी जानकी देवी पत्नी वीरेंद्र सिंह व उसकी चचिया सास सावित्री देवी (सबुली देवी) पत्नी बिशन सिंह भोजन की तैयारी में लगी थीं। सूत्रों के अनुसार जानकी देवी के सिमोली गांव (द्वाराहाट ब्लाक) निवासी भाई चंदन सिंह का 19 वर्षीय पुत्र सागर सिंह भी लगभग 10 दिनों से यहीं रह रहा था।

इसी दौरान काले कपड़े पहना एक युवक कमरे में घुसा और धारदार हथियार से सागर सिंह पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।अचानक हुए हमले में सागर बचाव नहीं कर सका। चीखने चिल्लाने की आवाज सुन जानकी देवी व उसकी चचिया सास सबुली देवी बचाने दौड़ीं। सूत्रों ने बताया कि हत्यारोपित ने जानकी देवी के सिर पर धारदार हथियार मारा। वहीं सबुली देवी का गला गहरा कट गया। उधर खून से लथपथ सागर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद हत्यारोपित अंधेरे में भाग निकला। हत्यारोपित का पीछा करने के बजाय ग्रामीण भूपाल सिंह, नंदन सिंह आदि घायल महिलाओं की जान बचाने के लिए उन्हें वाहन से लेकर नागरिक चिकित्सालय पहुंचे। जानकी देवी के सिर पर छह टांके लगे हैं। वहीं सबुली देवी को गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार दिया जा रहा है

वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसका खुलासा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि हत्यारोपित काले कपड़े पहने था। हत्याकांड के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अलबत्ता, कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।

Ad

सम्बंधित खबरें