उत्तराखंड में एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। मसूरी के बाटाघाट क्षेत्र में एक युवक छत पर जाते समय हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय मनोज दास, जो कि टिहरी गढ़वाल जिले के धनोल्टी क्षेत्र का निवासी और पेशे से टैक्सी चालक था, अपने साथी मुकेश के साथ बाटाघाट में रुका हुआ था। इसी दौरान वह एक मकान की छत पर संपत्ति देखने के लिए गया। छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद साथी मुकेश ने तुरंत उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसआई सतेंद्र भाटी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।









