दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग ने अपने एक जांबाज अधिकारी खोया

उत्तराखंड के ऋषिकेश क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग ने अपने एक जांबाज अधिकारी को खो दिया। शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।

 

जानकारी के अनुसार, शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा देर रात अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। रात के समय दुर्घटना का पता नहीं चल पाया और वाहन खाई में ही पड़ा रहा।

 

सुबह वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद विनोद शर्मा के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के समय वाहन में कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

 

विनोद शर्मा देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र के रानीपोखरी के रहने वाले थे। उत्तराखंड पुलिस में सेवा देने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। पुलिस विभाग में रहते हुए उन्होंने ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

 

विनोद शर्मा को एक मिलनसार, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता था। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार का एक अन्य सदस्य भी पुलिस विभाग में कार्यरत है।

 

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

Ad

सम्बंधित खबरें