
उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद रुद्रप्रयाग के अंतर्गत रैंतोली पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। यहां एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरते हुए नदी में जा समाया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 12 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक बोलेरो कैंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर गया है। सूचना मिलते ही चौकी जवाड़ी, कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, आपदा नियंत्रण कक्ष, 108 एंबुलेंस और जल पुलिस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। सभी विभागों ने घटनास्थल पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन सीधे नदी में गिरा। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने नदी से एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में बाहर निकाला, जिसे 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेजा गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वाहन के विवरण और मृतक की शिनाख्त से संबंधित जानकारी बाद में साझा की जाएगी। देर रात करीब 4 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा और कठिन परिस्थितियों के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। शेष लापता लोगों की तलाश और रेस्क्यू कार्य शनिवार को पुनः शुरू किया जाएगा।









