मौसम विभाग अपडेट: अगले चार दिनों तक पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई

उत्तराखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के लिए 2 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले चार दिनों तक पर्वतीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तेज हवाएं, बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 29 जून को राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।

30 जून, मंगलवार को पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं। जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में तेज हवाओं के साथ बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है।

जुलाई की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं अन्य पहाड़ी इलाकों में तेज से अति तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मैदानी जिलों में इस दौरान केवल बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

2 जुलाई को भी नैनीताल, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और चमोली जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भारी बारिश की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के मुताबिक 30 जून से 2 जुलाई के बीच संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कों के बाधित होने की आशंका है। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। विभाग ने लोगों से मौसम का ताजा अपडेट लेकर ही यात्रा करने तथा बिजली चमकने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Ad

सम्बंधित खबरें