
उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर धमकी भरे पोस्ट डालकर व्यापक रूप से प्रसारित किए गए थे, जिससे आम जनता में भय और दहशत का माहौल बन गया था।
मामले के सामने आने के बाद देहरादून की कोतवाली नगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच के अनुसार, 21 जून को अज्ञात व्यक्ति ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग कर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी वाले पोस्ट अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए थे। इन पोस्टों के कारण प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह को देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई से वह नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने सोशल मीडिया पर आक्रोश जताते हुए धमकी भरे पोस्ट किए।
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी ‘Jaspreet-devil’ से 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी थानों में बम विस्फोट की धमकी वाली टिप्पणी पोस्ट की थी, ताकि लोगों में भय और पुलिस को चुनौती दी जा सके।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के कब्जे से धमकी पोस्ट करने में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। मोबाइल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की विधिक जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।





