उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार को एक मामूली विवाद ने 17 वर्षीय किशोर की जान ले ली। लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में हुई कहासुनी के दौरान एक युवक ने किशोर पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गंभीर रूप से घायल किशोर की हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में तनाव का माहौल बन गया, जहां परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया।
पुलिस के अनुसार ट्रांजिट कैंप निवासी विक्रांत बागी गुरुवार शाम टिब्बा क्षेत्र गया था। वहां उसकी किच्छा के सैजनी गांव निवासी युवक से किसी बात पर बहस हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अवैध तमंचे से विक्रांत पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर कर दिया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग पहुंच गए। उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारी घटना के कारणों की जांच के साथ यह भी पता लगा रहे हैं कि दोनों के बीच विवाद अचानक हुआ या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी।
सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी ने बताया कि आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।







